UP 12th Board paper leak: उत्तरप्रदेश की 12वीं कक्षा बोर्ड परीक्षा में फिर पेपर लीक का मामला सामने आया है। इस बार इंग्लिश का पेपर लीक हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के कौशाम्बी जिले में ये पेपर आउट हुआ। बता दें कि कौशाम्बी का नाम नकल के लिए पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा चर्चित है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के दावे उस समय फेल हो गए जब बुधवार को 12वीं (इंटरमीडिएट) का अंग्रेजी का पेपर 5 घंटे पहले ही लीक हो गया। ये पेपर सोशल मीडिया लीक हुआ और पेपर शुरू होने से पहले ही ये पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। अधिकारियों ने पहले दावा किया था कि ये गलत पेपर था, लेकिन परीक्षा खत्म होने के बाद जब वायरल पेपर से इसका मिलान किया गया तो अधिकारियों के होश उड़ गए क्योंकि वायलर हुआ पेपर हूबहु निकला।
गौरतलब है कि बुधवार को दूसरी शिफ्ट में 12वीं कक्षा (इंटरमीडिएट) का इंग्लिश का पेपर था। लगातार पेपर लीक के मामले सामने आने के बाद अधिकारियों ने कई दावे किए। लेकिन बावजूद इसके पेपर लीक हो गया। सोशल मीडिया पर वही पेपर वायरल हो गया जो बच्चों तक पहुंचा था।
पेपर लीक होने की जानकारी तुरंत डीएम मनीष वर्मा को दी गई और उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा खत्म होने के बाद इसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन ने चुप्पी साधी हुई है क्योंकि उनके तमाम दावे फेल साबित हो गए। इसके पहले भी 12वीं (इंटरमीडिएट) कक्षा का रसायन विज्ञान का साल्व पेपर और 10वीं (हाईस्कूल) का अंग्रेजी का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। पेपर लीक के इन मामलों की जांच शासन ने एसटीएफ को सौंपी है। उधर अधिकारी यह कहकर अपने बचाव का रास्ता निकाल रहे हैं कि लीक हुए पेपर के कुछ ही प्रश्न मूल पेपर से मेल खा रहे हैं जबकि उसका कुछ हिस्सा मॉडल पेपर से है।
Posted By: Rahul Vavika