IPL 2020 में वापसी से पहले नई भूमिका में नजर आए MS Dhoni


रांची। MS Dhoni in new role: पूर्व भारतीय कप्तान MS Dhoni दोस्तों और परिजनों के साथ मालदीव में छुट्टियां बिताकर रांची लौट आए हैं। वे 2 मार्च से IPL 2020 के लिए अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथ प्रैक्टिस करना शुरू करने वाले हैं। इस बीच उन्हें बुधवार को झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) स्टेडियम में नई भूमिका में देखा गया। MS Dhoni का पिच पर रोलर चलाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है।


MS Dhoni जुलाई 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से कोई मैच नहीं खेले हैं। वे पिछले दिनों परिजनों और दोस्तों के साथ कान्हा नेशनल पार्क और फिर मालदीव में छुट्टियां बिता रहे थे। अब वे रांची लौट आए हैं और बुधवार को जेएससीए स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान उन्हें नई भूमिका में देखा गया, वे पिच पर रोलर चला रहे थे। MS Dhoni फैंस ऑफिशियल के ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किए गए वीडियो में वे पिच पर रोलिंग करते दिखे। धोनी जब भी रांची में होते हैं तो उन्हें स्टेडियम के जिम में एक्सरसाइज करते हुए देखा जाता रहा है लेकिन यह पहला मौका है जब उनका रोलर चलाते हुए वीडियो वायरल हुआ है।


महेंद्रसिंह धोनी आईपीएल 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभालने वाले हैं। सीएसके टीम की तरफ से बताया गया कि वे 2 मार्च से टीम के खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करना शुरू करेंगे। वैसे टीम का आधिकारिक ट्रेनिंग सत्र 19 मार्च से शुरू होगा जब सभी खिलाड़ी टीम के साथ जुड़ेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल में अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को गत विजेता मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई में करना है। धोनी को बीसीसीआई ने केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से बाहर कर दिया है। इसके बावजूद आईपीएल के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वे भारतीय टीम में वापसी कर सकते हैं। भारत को आईपीएल के बाद एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है।